सिसवां कस्बे में छापेमारी के दौरान ऑपरेशन थियेटर को सील कर दिया गया।
-शिकायत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में बगैर पंजीकृत अस्पताल संचालित करनेवालों की अब खैर नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीम छापा डालकर कार्रवाई करने में जुटी है। निजी अस्पताल जिनके प्रपत्र ठीक नहीं मिल रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बृहस्पतिवार को टीम ने सिसवा कस्बे में एक निजी अस्पताल में छापा डाला। कागजात ठीक नहीं मिलने पर ओटी सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से खलबली मची हुई है।
एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सिसवा सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. ईश्वरचंद्र विद्यासागर व आदित्य की संयुक्त टीम ने दोपहर करीब दो बजे सेनानी नगर वार्ड में राजवंशी अस्पताल में छापेमारी की। टीम ने वार्ड में ऑपरेशन के बाद भर्ती किए गए मरीजों व कर्मचारियों से पूछताछ की। मौके पर डॉक्टर व अस्पताल संचालक नहीं मिले।
टीम ने मेडिकल उपकरण नेबुलाइजर, इलेक्ट्रिक बीपी मशीन व मौजूद दवाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर को सील कर अपूर्ण प्रपत्र को कब्जे में ले लिया। एसीएमओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि सिसवा में राजवंशी नर्सिंग होम को अवैध रूप से संचालित किए जाने की शिकायत मिली थी। जिस पर छापेमारी की गई। रजिस्ट्रेशन से संबंधित प्रपत्र पूर्ण न होने के कारण ओटी को सील कर दिया गया है।