सिंदुरिया में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मूर्ति को अंतिम रूप देता मूर्तिकार।
मिठौरा। जैसे-जैसे दुर्गा पूजा का पर्व निकट आ रहा है, पूजा पंडालों में स्थापित करने को लेकर दुर्गा-प्रतिमाओं को मूर्तिकार युद्धस्तर पर अंतिम रूप देने में जुटे हैं। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी पूजा पंडाल को सजाने संवारने में जोर-शोर से जुटे दिखाई दे रहे हैं।
सिंदुरिया थाना क्षेत्र में शारदीय नवरात्र के अवसर पर 41 स्थानों पर मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। महराजगंज रोड पर मां अंबे मूर्ति केंद्र पर मूर्तिकार अपनी टोली के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं को तैयार करने में तीन महीने पूर्व से ही जुटे थे। अब मूर्ति बनाने का कार्य अंतिम चरण में है। मूर्तिकार जीवन ने बताया सिंदुरिया स्थित मूर्ति केंद्र पर भक्तगणों की मां दुर्गा सहित लक्ष्मी, सरस्वती, गणेश, कार्तिकेय आदि मूर्तियों की जबरदस्त मांग रहती है।
सिंदुरिया क्षेत्र के पतरेंगवा, शितलापुर, पिपरा कल्याण, परसामीर, मिठौरा, मधुबनी, भागाटार, हरिहरपुर सहित दर्जनों गांवों की मूर्तियां सिंदुरिया से लाई जाती हैं। कलाकारों की शिल्पकारी और कलाकारी की हर तरफ चर्चा हो रही है। उनके द्वारा बनाई जा रही मूर्ति लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी है।