दुकानें खुलीं पर कम पहुंचे खरीदार
महराजगंज। माह भर बाद दुकानें खुलीं, लेकिन खरीदार कम पहुंचे। कोरोना से बचाव के प्रति अधिकांश लोगों में जागरूकता का असर दिखा, लेकिन कुछ लोग बेपरवाह रहे। मास्क लगाने के प्रति भी लापरवाह दिखे।
शहर में एक कपड़े की दुकान में कुछ ग्राहक खरीदारी करते दिखे। कुछ दुकानदार बिना मास्क लगाए दिखे। शहर में ज्यादा भीड़ नहीं दिखी। हां, लोगों का आवागमन बढ़ गया। व्यापारी अशोक टिबडे़वाल, अमित वर्मा ने कहा कि अभी लोग बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। बाजार की स्थिति सामान्य होने पर वक्त लगेगा। फरेंदा, निचलौल, नौतनवां, बृजमनगंज, धानी, कोल्हुई, ठूठीबारी, सिसवां, परतावल, पनियरा, लक्ष्मीपुर समेत अन्य स्थानों पर दुकानें खुली रहीं। सड़कों पर चहल-पहल हर रोज की अपेक्षा ज्यादा दिखी। डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि छूट अवधि में लोगों को बचाव के प्रति सतर्क रहना होगा। मास्क के साथ सामाजिक दूरी का पालन करना जरूरी है। प्रशासन की ओर से लोगों को जागरूक करने का क्रम जारी है।
मां लेहड़ा मंदिर पर उमड़ी भीड़
फरेंदा। मंगलवार को कोरोना कर्फ्यू समाप्त होने के बाद मंदिर पर भक्तों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। फरेंदा क्षेत्र का प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां लेहड़ा मंदिर पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। श्रद्धालु मास्क व सामाजिक दूरी का पालन करते हुए मंदिर पहुंचे। पूजा-अर्चना कर कोरोना से मुक्ति के लिए मां से मनौती मांगी। मंदिर के पुजारी देवीदत्त पांडेय ने बताया कि करीब डेढ़ महीने तक कोरोना संक्रमण के भय के कारण मंदिर पर श्रद्धालु कम आ रहे थे। दुकानें बंद थीं। सोमवार से ही मंदिर पर भीड़ लगनी शुरू हो गई है।