राइस मिलर से बकाया दिलाने की मांग
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई के पदाधिकारियों ने सोमवार को डीएम को ज्ञापन सौंपकर नौतनवां क्षेत्र के राइस मिल संचालक से गल्ला व्यापारियों का बकाया रकम दिलाने की मांग की। व्यापारियों का आरोप था कि बकाया रकम मांगने पर मिल संचालक मारपीट पर उतारू हो जाता है।
व्यापारियों का कहना था कि बिहार के कुछ गल्ला व्यापारियों ने नौतनवां क्षेत्र के एक राइस मिल पर धान दिया हैै। उसके रकम के भुगतान के लिए गल्ला कारोबारी दो साल से लगातार मिल पर दौड़ रहे थे।आरोप लगाया कि वहां पहुंचने पर मिल संचालक मारने पीटने की धमकी देते हुए भगा देता है। संगठन के जिलाध्यक्ष पशुपति नाथ गुुप्ता ने कहा कि राइस मिल संचालक से दो साल पहले इस संबंध में बात की गई थी। उस दौरान उसने दो महीने में बकाए के भुगतान का भरोसा दिलाया था लेकिन आज तक भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि कारोबारियों का मिल संचालक पर करीब 9 लाख रुपये अब भी बकाया है। उन्होंने व्यापारियों को बकाया रकम दिलवाने की मांग की। इस मौके पर सिनोद जायसवाल, अनिल जायसवाल, लालबाबू गुप्ता, शैलेश सहित कई अन्य व्यापारी मौजूद रहे।