परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम महुअवां महुई में पुरानी रंजिश में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही मां-बेटे ने एक वृद्धा और उसके नाती को लाठी-डंडे व रॉड से पीटकर घायल कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम महुअवां महुई निवासी सुखदेई ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब तीन बजे उनके नाती अभिषेक को गांव का ही आदित्य और उसकी मां बर्फी देवी पुरानी रंजिश को लेकर पीट रहे थे। जब वह मौके पर पहुंचकर इसका कारण पूछने लगीं तो दोनों आरोपी हमलावर हो गए और लाठी-डंडे व रॉड से उनकी पिटाई करने लगे। आरोप है कि दोनों ने उन्हें लात-घूंसों से मारते हुए जमीन पर गिरा दिया, जिससे उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें और उनके नाती को जान से मारने की धमकी भी दी। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी मां-बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।