फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: 180 केंद्रों में से दो पर हुई 50 क्विंटल धान की खरीद, बाकी पर इंतजार

विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। जिले में धान खरीद की शुरुआत तो हो गई है लेकिन अधिकांश क्रय केंद्रों पर अभी सन्नाटा पसरा हुआ है। 180 क्रय केंद्रों में से खाद्य विभाग के महज दो केंद्रों पर करीब 50 क्विंटल धान की खरीद हो सकी है।
विज्ञापन

कहीं किसान धान लेकर नहीं पहुंच रहे हैं तो कहीं बोरा, धागा और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध नहीं होने से खरीद शुरू नहीं हो पाई है। वहीं, लगातार बारिश के कारण खेतों में नमी और पानी भरा होने से धान की कटाई भी प्रभावित हुई है। इसके चलते सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीद की रफ्तार अभी नहीं पकड़ पाई है।
जिले में धान खरीद के लिए 180 केंद्र बनाए गए हैं। शासन की ओर से इस बार किसानों से 2441 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जाना है। खरीद की तैयारियों को लेकर केंद्र प्रभारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद कई केंद्रों पर व्यवस्था अधूरी होने के कारण किसान अपनी उपज नहीं बेच पा रहे हैं। सोमवार को विभिन्न केंद्रों की पड़ताल में कहीं कर्मचारी खरीद की तैयारी करते मिले तो कहीं किसान पंजीकरण और फार्मर आईडी की समस्या लेकर भटकते नजर आए।
विज्ञापन

जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी ने बताया कि खाद्य विभाग के दो केंद्रों महराजगंज मंडी और सिसवा में करीब 50 क्विंटल धान की खरीद हुई है। बारिश के कारण कई किसानों की फसल अभी खेतों में खड़ी है। कटाई नहीं होने से किसान केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। सभी केंद्र प्रभारियों को खरीद के लिए जरूरी निर्देश देने के साथ बोरा और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं हुई है, वे पंजीकरण करा लें, ताकि धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।

कहीं बोरा नहीं तो कहीं किसान का इंतजार
नौतनवा नगर के जय हिंद चौराहे के पास स्थित सहकारी क्रय-विक्रय समिति पर सोमवार दोपहर दो बजे तक सन्नाटा पसरा रहा। समिति के सचिव विजय कुमार ने बताया कि अभी खरीद के लिए न तो आईडी बनी है और न ही लक्ष्य निर्धारित हुआ है। बोरा भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। विपणन अधिकारी कमलेश कुमार के अनुसार बारिश और धान की कटाई नहीं होने के कारण किसान अभी उपज लेकर नहीं पहुंच रहे हैं। परसामलिक क्षेत्र के पेड़ारी चौराहे पर स्थित साधन सहकारी समिति बैकुंठपुर पर भी खरीद शुरू नहीं हुई है। समिति के सचिव धीरेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक किसी किसान ने धान बेचने के लिए पंजीकरण फाॅर्म जमा नहीं किया है। विभाग की ओर से बोरा, धागा और अन्य जरूरी सामान भी उपलब्ध नहीं कराया गया है।

किसानों को फार्मर आईडी और भूमि सत्यापन की परेशानी
निचलौल तहसील क्षेत्र के निचलौल, सिसवा और मिठौरा ब्लॉक में कुल 34 केंद्र संचालित हैं। निचलौल मंडी परिसर में खाद्य एवं रसद विभाग के चार और मंडी समिति का एक केंद्र बनाया गया है। सोमवार को यहां कई किसान खरीद की जानकारी लेने पहुंचे। बरगदवा निवासी रामप्यारे यादव ने बताया कि उनके पास 2.45 एकड़ खेत है। कुछ हिस्से में धान की कटाई हो चुकी है, लेकिन फार्मर आईडी अपडेट नहीं होने और भूमि सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से पोर्टल पर बिक्री योग्य धान की मात्रा नहीं दिख रही है। इससे उन्हें परेशानी हो रही है। केंद्र प्रभारी अजीत पांडेय ने बताया कि किसानों के धान में नमी अधिक है, जबकि खरीद के लिए अधिकतम 17 प्रतिशत नमी निर्धारित है।

केंद्र तैयार लेकिन किसानों की राह देख रहे कर्मचारी
परतावल ब्लॉक के श्यामदेउरवां स्थित साधन सहकारी संघ को भी धान क्रय केंद्र बनाया गया है। यहां किसानों की सुविधा के लिए झारने की मशीन, पावर डस्टर, विनोइंग फैन, तौल कांटा और नमी मापक यंत्र की व्यवस्था की गई है। सचिव प्रेमसुंदरी ने बताया कि अभी शासन से खरीद का लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। लक्ष्य मिलते ही खरीद शुरू करा दी जाएगी।
वहीं, बी-पैक्स लिमिटेड बसवार में सोमवार को धान खरीद केंद्र का बैनर लगाया जा रहा था। केंद्र प्रभारी हरिश्चंद्र यादव ने बताया कि अभी तक कोई किसान धान बेचने नहीं पहुंचा है। घुघली क्षेत्र की साधन सहकारी समिति भुवनी और चैनपुर चौमुखा में भी खरीद शून्य रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें