दीपावली पर छूट की बहार, बाजार गुलजार
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए बाजारों की रौनक बढ़ती जा रही है। परिधान, आभूषण, वाहन, इलेक्ट्रानिक सामान और रंग बिरंगे दीयों से बाजार पट गए हैं। वहीं, तरह तरह के आकर्षक ऑफर के माध्यम से ग्राहकों को लुभाने की होड़ सी लग गई है। इलेक्ट्रानिक सामान, बाइक की खरीद पर उपहार दिए जा रहे हैं। वहीं परिधानों एवं आभूषण की खरीद पर विशेष छूट दी जा रही है।
रंग-बिरंगी रोशनी के त्योहार दीपावली के लिए बाजार सज गए हैं। दीये, खिलौने, मिठाइयों के साथ ही गिफ्ट आइटम से दुकानें पट गई हैं। दुकानों में पैकेज की बहार है। कहीं पर 40 प्रतिशत छूट की स्कीम है तो कहीं पर दो की खरीद पर एक सामान फ्री दिया जा रहा है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार बाजारों में रौनक ज्यादा है। व्यापारी सुमित वर्मा का कहना है कि नोटबंदी व जीएसटी की मार से दीपावली का बाजार इस बार बाहर उबर आया है। घरों की सजावट के लिए बाजार में बिजली के बल्ब की रंग-बिरंगी लड़ियां लोगों को लुभा रही हैं। 20 रुपये से लेकर 400 रुपये तक की लड़ियां घरों की बाहरी सुंदरता पर चार चांद लगाएंगी। फ्लावर, राइस जेल, एलईडी लाइट, एलईडी पट्टा, पर्ल लाइट की कई वेरायटी बाजार में है। लक्ष्मी व गणेश के अलावा अन्य देवी देवताओं की मूर्तियां बाजार में बिक रही हैं। बाइक शोरूम में दीपावली के मौके पर कई विशेष पैकेज हैं।