जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना पहुंच रहे सर्दी-जुकाम, बुखार से पीड़ित 75 से 80 मरीज
महराजगंज। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। कभी कड़ी धूप और कभी बारिश के कारण मौसम में आए बदलाव से जिला अस्पताल में रोजाना सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। डॉक्टर दवा के साथ ही सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल में शुक्रवार को मरीजों की भारी भीड़ रही। फिजिशियन डॉ. भानू प्रताप सिंह ने बताया कि मौसम बदलने के कारण लोग तेजी से बीमार हो रहे हैं। कभी बारिश तो कभी धूप के चलते सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस समय सबसे ज्यादा बुखार, सर्दी-जुकाम के मरीज आ रहे हैं। गर्मी के कारण बीपी के मरीज भी बढ़ गए हैं।
डॉ. भानू प्रताप सिंह ने बताया कि एक सप्ताह पहले करीब 30 से 40 मरीज आ रहे थे। इधर कुछ दिनों से बीपी और बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। रोजाना करीब 75 से 80 मरीज आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के कारण यह परेशानी बढ़ी है। इससे बचने के लिए कड़ी धूप में लोगों को बाहर नहीं निकलना चाहिए। डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पानी पीते रहना चाहिए।
बचाव के उपाय
डॉ. भानू प्रताप सिंह के अनुसार, तला-भूना खाने से बचना चाहिए। इस समय हरी-सब्जी और सलाह का उपयोग ज्यादा करना चाहिए। बाहर के खुले खाद्य पदार्थों व कटे फल खाने से बचें। हल्का और ताजा खाना खाएं। खुद को हाइड्रेटेड रखें और गुनगुना पानी पिएं। उन्होंने कहा कि इस समय खुले में मिलने वाले खाद्य पदार्थ काफी देर पहले के कटे होते हैं।