ड्रग्स माफिया सगे भाइयों की संपति कुर्क
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज के सोनौली कोतवाली क्षेत्र के दो सगे भाइयों के खिलाफ पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की है। दोनों सगे भाई ड्रग्स के मामले में कई बार पकड़े जा चुके हैं। दोनों जमानत पर बाहर आकर फिर ड्रग्स के कारोबार में सम्मलित हो जाते थे। जिसके बाद पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाए जाने के क्रम में समाज विरोधी क्रिया कलाप में लिप्त पाए जाने के बाद कुर्की की कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों की करीब दो करोड़ की संपति कुर्की कर दिया है।
रविवार दोपहर एसडीएम नौतनवां मुकेश कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नौतनवां आभा सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ आदर्श नगर पंचायत सोनौली के ड्रग्स माफिया गिरोह पर अनैतिक कार्यों से अर्जित संपति को कुर्की करते हुए नगर के दो वार्डो में स्थित तीन स्थानों पर 14 (ए) गिरोह बंद एवं असामाजिक क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के अनुपालन में प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई के क्रम में खेत, घर तथा बाउंड्री को ढोल नगाड़ा बजवा कर सील करते हुए कुर्की की गई।
एसडीएम ने बताया कि सोनौली कोतवाली क्षेत्र के ग्रामसभा त्रिलोकपुर पहुंचकर तीन स्थानों पर खेत की भूमि को चिन्हित कर वहां बोर्ड बैनर लगाकर डुगडुगी बजाकर कार्रवाई की घोषणा करते हुए भूमि पर लाल झंडी लगा दिया गया है। इसी क्रम में सुकरौली में स्थित एक बाउंड्री वाल को तथा सोनौली कस्बे में स्थित एक मकान को बैनर लगाकर सील कर दिया गया। साथ ही आरोपी खेत स्वामी को बुलाकर चिन्हित जमीन पर किसी तरह का कार्य नहीं करने की चेतावनी दी गई।
एसडीएम नौतनवा मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरोह बंद अधिनियम के तहत एक करोड़ 71 लाख रुपए कीमत की इरफान खान तथा 55 लाख रुपए की कीमत की आमिर खान के संपत्ति को मुनादी कराकर कुर्क किया गया है। इस मौके पर नायब तहसीलदार नौतनवा अरविंद श्रीवास्तव राजस्व निरीक्षक, कोतवाल सोनौली अभिषेक सिंह, चौकी प्रभारी अंकित सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही।