महराजगंज। नौतनवां कस्बे के गौशाला के पास बना ओवरहेड टैंक वर्षों से सूखा है। इसका शिलान्यास 2006 में हुआ था, इसके बाद कुछ वर्षों में बनकर तैयार हुआ। टैंक निर्माण में अनियमितता के कारण लीक हो गया और उसकी पाइप लाइन जगह-जगह टूट गई है।
जल निगम द्वारा बनाया गया ओवरहेड टैंक को नौतनवां नगरपालिका प्रशासन अब तक अपने सुपुर्द लेने को तैयार नहीं हुआ है। आरोप है की टैंक बनाने में भारी गोलमाल हुआ है। लगभग 91.21 लाख की लागत से बना ओवरहेड टैंक शो पीस बन कर रह गया है। लगभग 17 वर्ष पूर्व नगरपालिका पेयजल योजना के तहत जल निगम ने फेज द्वितीय व जोन तृतीय के तहत ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरु किया। इस योजना से नौतनवां कस्बे के कुल 25 वार्डो में से 12 वार्डो को पेयजल मिलना था। जब पहली बार टैंक को चालू किया गया, तो टैंक से पानी टपकने लगा व सप्लाई की पाइप जगह जगह फटने लगी।
ओवरहेड टैंक में अनियमितता के कारण नगरपालिका प्रशासन ने टैंक को अपने सुपुर्दगी में नहीं लिया। गुलाब ,राम बहादुर, कृष्ण मुरारी, पूनम देवी, असलम खान, मनोज जायसवाल आदि लोगों ने बताया कि ओवरहेड टैंक से पानी की आपूर्ति नहीं की जाती है। अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सरोज ने बताया कि वह जल निगम की टंकी है। अभी तक जल निगम द्वारा ओवरहेड टैंक को नगर पालिका को सुपुर्द नहीं किया गया है। टैंक निर्माण में अनियमितता है ।