भिटौली। विकासखंड सिसवा के गोपाला में मुख्य सड़क पर नालियों का गंदा पानी बह रहा है। बरसात के चलते सड़क पर जलभराव और कीचड़ से लोगों का आवागमन कठिन हो गया है। वहीं सड़क पर फैले गंदे पानी से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। इसको लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थान से कुछ दूरी पर 10 जनवरी 2025 की शाम सड़क पर फैले पानी के किनारे से गुजर रहे सीताराम उर्फ मोछू साहनी को एक बाइक ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल मोछू साहनी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अगले दिन ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगाया था। उस समय प्रशासन ने समस्या के स्थायी समाधान का आश्वासन दिया था लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।