महराजगंज। समाजवादी पार्टी कार्यालय में सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोहिया के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि डॉ. लोहिया ने जीवनभर सामाजिक गैर बराबरी के खिलाफ संघर्ष किया। उनका सप्तक्रांति का सिद्धांत आज भी प्रासंगिक है। लोहिया का मानना था कि सच्चा समाजवाद तभी स्थापित होगा, जब पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं को समान अधिकार मिलेंगे।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की समस्या गंभीर है। संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे समय में डॉ. लोहिया के विचार देश को सही दिशा दिखा सकते हैं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि डॉ. लोहिया ने ही मुलायम सिंह यादव को राजनीति की पहली सीख दी थी। आज समाजवादी पार्टी उनके बताए रास्ते पर चलकर गरीबों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है।
इस दौरान सपा नेता निर्मेष मंगल, आंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण पटेल, बिंद्रेश कन्नौजिया, सुरेंद्र भारती, जिला उपाध्यक्ष विजय यादव, अशोक यादव, राहुल मिश्रा, पूर्व विधायक श्रीपति आजाद, विजय जायसवाल, यगदत्त पासवान, संजय यादव, नीरज चौहान, विजय कश्यप, अमरनाथ यादव, अनंत निषाद और गुड्डू यादव आदि मौजूद रहे।