बिजली उपभोग, बिल भुगतान और रिचार्ज संबंधी जानकारी एक क्लिक में देख सकेंगे
महराजगंज। बिजली उपभोक्ताओं के लिए अब बिल भुगतान और बिजली उपयोग की निगरानी पहले से कहीं अधिक आसान हो गई है। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए “यूपीसीएल स्मार्ट ऐप” लॉन्च किया है। यह मोबाइल ऐप विशेष रूप से स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं के लिए तैयार किया गया है, ताकि वे अपने बिजली उपभोग, बिल भुगतान और रिचार्ज संबंधी जानकारी एक क्लिक में देख सकें।
जानकारी के अनुसार,जिले में 3 लाख 47 हजार 554 विद्युत उपभोक्ता पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 53 हजार 372 उपभोक्ताओं के घरों पर स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लग चुके हैं, वे इस ऐप के जरिए न केवल अपने बिजली उपयोग की वास्तविक समय (रियल टाइम) जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि घर बैठे ही बिल का भुगतान भी कर सकते हैं। ऐप डाउनलोड और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया सरल उपभोक्ता यूपीसीएल स्मार्ट मोबाइल ऐप को गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप इंस्टॉल करने के बाद उपभोक्ता को अपने स्मार्ट मीटर का कंज्यूमर नंबर डालकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होते ही उपभोक्ता अपने मोबाइल पर बिजली बिल की पूरी जानकारी, खपत का विवरण और भुगतान इतिहास देख सकते हैं।
रियल टाइम बिजली उपयोग की सुविधा
इस ऐप के माध्यम से उपभोक्ता यह देख सकते हैं कि दिनभर में कितनी बिजली खर्च हुई और उसका कितना बिल बना। खास बात यह है कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ता सीधे ऐप से ही ऑनलाइन रिचार्ज कर सकते हैं। भुगतान के लिए ऐप में डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और नेट बैंकिंग जैसे सभी विकल्प उपलब्ध हैं।
लाइन और मैनुअल बिलिंग की झंझट से मुक्ति
विद्युत विभाग के अनुसार, यूपीसीएल स्मार्ट ऐप का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिजली कार्यालय की लंबी लाइनों और मैनुअल बिलिंग की परेशानी से मुक्त करना है। अब उपभोक्ता अपने मोबाइल से ही बिल देख सकते हैं, भुगतान कर सकते हैं और शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऐप में उपभोक्ता को बिजली उपयोग का पूरा इतिहास, भुगतान की रसीदें, मीटर बैलेंस अलर्ट और ओवरलोड चेतावनी जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिलती हैं।
पारदर्शिता और समय की बचत
इस ऐप के माध्यम से उपभोक्ता न केवल अपने बिजली खर्च पर नियंत्रण रख सकते हैं बल्कि समय पर भुगतान कर लेट फीस से भी बच सकते हैं। इससे बिलिंग प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और उपभोक्ता को बेहतर डिजिटल अनुभव मिलेगा।
जिले के सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द यूपीसीएल स्मार्ट ऐप डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन करें और इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ऐप से उपभोक्ताओं को सुविधा, पारदर्शिता और नियंत्रण तीनों का लाभ मिलेगा।
देवेन्द्र कुमार गुप्ता अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड प्रथम
-