डबल इंजन की सरकार ने विकास को दिया नया आयाम : पंकज
बृजमनगंज रेलवे स्टेशन पर मैलानी व ऐशबाग गोरखपुर एक्सप्रेेस ट्रेन को दिखाई गई हरी झंडी
फरेंदा (महराजगंज)। क्षेत्र के बृजमनगंज रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या (15009) गोरखपुर मैलानी एक्सप्रेस व (15070) ऐशबाग गोरखपुर एक्सप्रेस दुर्ग का ठहराव शुरू हो गया है। ये ट्रेनें रविवार रात 12 बजे निर्धारित समय पर बृजमनगंज पहुंचीं। इन्हें केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह व सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दोनों ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के निवासियों में खुशी की लहर है। इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने विकास को नया आयाम दिया है।
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि महराजगंज को रेल लाइन से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। डबल इंजन की सरकार जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कर रही है। केंद्र में मोदी सरकार ने सत्ता में आने के बाद देश के चतुर्दिक विकास का संकल्प लेकर हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम दिया। इसी क्रम में रेल कनेक्टिविटी को बढ़ाकर स्पीड ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया गया। पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने कहा कि यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए दुर्ग एक्सप्रेस के ठहराव की मांग लंबे अरसे से चली आ रही थी। लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए यह कार्य पूरा हुआ।
ट्रेनों के ठहराव शुरू कराने के लिए रेल मंत्री एवं वित्त राज्य मंत्री का आभार जताया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, पूर्व प्रमुख हरिश्चंद्र सोनकर, प्रदीप पांडेय, राकेश जायसवाल, नन्हे सिंह, योगेंद्र यादव, जितेंद्र शर्मा, उदयराज यादव, जेपी गौड़ आदि मौजूद रहे।