जिला अस्पताल में छह बेड का बर्न वार्ड तैयार, सीएचसी में दो-दो बेड आरक्षित, डॉक्टरों की छुट्टी निरस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। दिवाली को देखते हुए जिला अस्पताल में छह बेड का बर्न वार्ड तैयार कर दिया गया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। जिले की सभी सीएचसी में दो-दो बेड आरक्षित किए गए हैं। पटाखों से जलने वालों को त्वरित उपचार की सुविधा मिल सके, इसके लिए मुकम्मल इंतजाम किया गया है। अपरिहार्य कारणों को छोड़कर सामान्य छुट्टी निरस्त कर दी गई है। सभी डॉक्टर ऑन काल जिला अस्पताल में उपलब्ध रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी चिकित्सकों को दिशा निर्देश के बारे में अवगत करा दिया गया है। उनको सामान्य छुट्टी नहीं मिलेगा। बहुत जरूरत होने पर ही छुट्टी मिलेगी। जिले में 14 सीएचसी पर दो-दो बेड आरक्षित कर दिए हैं, यहां अगर कोई पटाखों से घायल होकर आएगा तो उसका त्वरित उपचार किया जाएगा। सीएचसी स्तर अधीक्षक ही डॉक्टरों की ड्यूटी लगाएंगे। एंबुलेंस भी तैयार रहेगी। कहीं सूचना मिलने पर त्वरित लाने की व्यवस्था की गई है।
जिला अस्पताल के बर्न विभाग में छह बेड आरक्षित कर दिए गए हैं। सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ और हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती की दी गई है। जिला अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों को सतर्क रहने के लिए निर्देशित किया गया है। दवाओं की उपलब्धता पर्याप्त है। सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
-
जिला अस्पताल में डॉक्टरों को अलर्ट करने के साथ ही जिम्मेदारी सौंप दी गई है। बन वार्ड में छह बेड आरक्षित हैं। इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की ड्यूटी लगा दी गई है।
डॉ. एपी भागर्व, सीएमएस
जिले की सभी सीएचसी में डॉक्टरों को इमरजेंसी सेवा बेहतर रखने के लिए निर्देशित किया जा चुका है। सभी की छुट्टी निरस्त कर दी गई है। दायित्व के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. नीना वर्मा, सीएमओ
-