‘गैंगेस्टर में निरुद्ध लोगों को करें जिले से बाहर’
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। राजस्व परिषद के सदस्य व जिले के नोडल अधिकारी गुरुदीप सिंह ने सदर कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिकायतों के निस्तारण, अपराध नियंत्रण के लिए की गई कार्रवाई, बीट रजिस्टर, अभिलेखों के रखरखाव, मेस, बैरेक, परिसर की साफ सफाई समेत अन्य बिंदुओं पर मौके पर मौजूल पुलिस कर्मियों से पूछताछ की। सिपाहियों से उनके बीट के बारे में जानकारी ली।
वहीं, कोतवाली आने वाले लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करने की नसीहत देे के साथ ही दायित्व के प्रति सचेत रहने की हिदायत भी दी। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से गुंडा एक्ट व गैंगेस्टर में निरुद्ध आरोपियों को जिले से बाहर कराने के निर्देश दिए। जिले के नोडल अधिकारी ने कोतवाली के निरीक्षण के दौरान कार्यालय में एचएस इंडेक्स, बीट सूचना, गुंडा रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, कर्मचारियों के आगमन व प्रस्थान से संबंधित अभिलेखों के अलावा अन्य पत्रावलियों का अवलोकन किया। अभिलेखों का रखरखाव बेहतर मिलने पर उन्होंने सराहना की। उन्होंने पुलिस कर्मियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप दायित्व निर्वहन करें। दायित्व के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराध नियंत्रण की दिशा में तेजी से कार्य करने का भी निर्देश दिया।इस दौरान डीएम अमरनाथ कुशवाहा, एसपी आरपी सिंह, एएसपी आशुतोष शुक्ल, सीओ सदर एमपी सिंह, कोतवाल रामदवन मौर्य, नगर चौकी इंचार्ज संजय शाही आदि मौजूद रहे।