समय से नहीं मिलीं बसें, यात्री रहे परेशान
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। स्थानीय रोडवेज परिसर में रविवार को रोडवेज की बसों सेवा लेने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्हें गंतव्य तक जाने के बाबत बसों के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों का कहना था कि समय से बस मिलती तो प्राइवेट बसों व डग्गामार वाहनों से सफर नहीं करना पड़ता। रोडवेज परिसर में बस का इंतजार कर रहे मोहन का कहना था कि वह मिठौरा से आ रहे हैं और गोरखपुर जाना है। एक घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं और अब तक बस नहीं आई। समय से बस मिलती तो निर्धारित स्थान पर जाने में परेशानी नहीं होती। उन्होंने कहा कि रोडवेज स्टेशन के काउंटर पर बसों के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं मिला। मुकेश ने कहा कि लखनऊ में पढ़ाई करते हैं। काफी देर से बस का इंतजार कर रहे हैं और बस अब तक नहीं आई। बस न मिलने से दिक्कत हो रही है। अगर समय से गोरखपुर नहीं पहुंचे तो ट्रेन भी छूट जाएगी। अन्य यात्रियों का कहना था कि समय से बस न मिलने से कई यात्री प्राइवेट बसों की सेवा लेने के लिए विवश हो गए। एआरएम भुवनेश्वर प्रसाद ने कहा कि बस स्टेशन से समय से बसें संचालित की जा रही हैं। अगर इसमें कहीं लापरवाही हुई है तो जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।