तीन चार से खराब है एक्सरे मशीन, महंगे दर पर एक्सरे कराते है मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। अगर आप बीमार हैं और इलाज के साथ एक्सरे की जरूरत है, तो सदर सीएचसी मत आइए। यहां तो चार साल से ही एक्सरे मशीन खराब है। अगर किसी मरीज को एक्सरे की जरूरत पड़ती है, तो उसे निजी सेंटर से महंगे दर पर एक्सरे कराना पड़ता है। जिला अस्पताल की थोड़ी दूर होने के कारण समस्या होती है।
जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर में प्रतिदिन उपचार के लिए 60 से 70 मरीज आते हैं। इसमें करीब 6 से 5 मरीजों को एक्सरे जांच के लिए लिखा जाता है। मशीन न होने से काफी दिक्कत होती है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रत्येक सोमवार और बृहस्पतिवार को दिव्यांगों का प्रमाण पत्र बनाने के लिए जांच होती है। करीब 20 से 25 दिव्यांगों को एक्सरे की जरूरत पड़ती है। सीएचसी का एक्सरे मशीन ठीक न होने के कारण यह निजी एक्सरे सेंटर पर जांच करते हैं। अधिकारी इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। मरीजों ने कहा कि अगर एक्सरे मशीन ठीक होता तो दूर निजी सेंटर पर 300 से 400 रुपये नहीं खर्च करने पड़ते।
सदर सीएचसी अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने बताया कि एक्सरे मशीन लंबे समय से निष्प्रयोज्य हो गई है। इसके लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। जल्द ही एक्सरे मशीन लगने की उम्मीद है।
-
फोटो
300 रुपये खर्च कराना पड़ा था
सदर सीएचसी में इलाज कराने आए सक्सेना नगर से आए सदानंद ने बताया कि सभी अस्पतालों में जरूरी उपकरण होना चाहिए। जांच की जरूरत पड़ती है, तो निजी एक्सरे सेंटर पर जाना पड़ता है। एक्स रे कराने में 300 रुपये खर्च हो जाते हैं। बीते सप्ताह निजी सेंटर पर एक्स रे कराया था।
-
फोटो
दावे और हकीकत में अंतर
रामपुर बुजुर्ग से इलाज कराने आए सुदेश ने कहा कि एक्स रे की सुविधा नहीं रहने से समस्या होती है। सीएचसी पर सुविधा रहती तो समस्या नहीं होती। सस्ते इलाज के दावे फेल हो चुके हैं। मरीजों को बेहतर सुविधा देने के दावे और हकीकत में बहुत अंतर है।