महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बृहस्पतिवार को मंडी समिति परतावल की निर्माणाधीन नवीन उपमंडी स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान शेड, दुकान और सड़क निर्माण सहित अन्य कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने समस्त कार्य दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्य की गुणवत्ता की थर्ड पार्टी से जांच कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्य गुणवत्तापूर्ण और तय समय में हो, इसको कार्यदायी संस्था सुनिश्चित करे। जिलाधिकारी ने चौक रोड की तरफ वैकल्पिक द्वार बनाने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने उपमंडी स्थल में अतिथि गृह और मंडी सचिव आवास का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। उपनिदेशक मंडी परिषद गोरखपुर ने बताया कि उपमंडी स्थल का क्षेत्रफल 29.099 एकड़ और निर्माण क्षेत्रफल 12 एकड़ है। निर्माण लागत 13.40 करोड़ है। कार्य प्रारंभ तिथि तीन जनवरी 2024 है। उन्होंने बताया कि अब तक शासन की तरफ से 786.15 लाख धनराशि प्राप्त हुई है, और लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। उप मंडी स्थल में 10बी श्रेणी की दुकानें, 10सी श्रेणी की दुकानें, फल व सब्जी मंडी के लिए 10सी श्रेणी की दुकानें और 01 12×60 मी. व 01 12×78 मी. का नीलामी चबूतरे का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त बैंक भवन, सचिव कार्यालय, शौचालय, आंतरिक सड़क व नाली निर्माण आदि कार्य किए जा रहे हैं।