डीएम ने बीएसए के साथ खुद खाई एल्बेंडाजाेल व फाइलेरिया की दवा
डीएम ने छूटे हुए बच्चों को फाइलेरिया की दवा खिलाने पर दिया जोर, बोले दवा पूरी तरह सुरक्षित
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कंपोजिट विद्यालय धनेवा-धनेई में बच्चों मेें किया दवा का वितरण
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। एल्बेंडाजाेल व फाइलेरिया की दवा पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने स्कूल में बीएसए के साथ ही स्वयं दवा खाई और अपने सामने ही बच्चों को दवा भी खिलवाई। उन्होंने कहा कि भ्रांतियों की वजह से कुछ लोग इसको खाने से परहेज करते हैं, जिससे लोगों में यह रोग होता है। स्कूली बच्चे इस दवा को स्वयं खाएं एवं जो बच्चे छूटे हैं उन्हें भी इन दवाओं को खाने के लिए प्रेरित करना सुनिश्चित करें।
ये बातें जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को कंपोजिट विद्यालय धनेवा-धनेई में बच्चों को खिलाई जा रही फाइलेरिया की दवा का जायजा लेने पहुंचे थे। बच्चों से संवाद करते हुए फाइलेरिया रोग के दुष्प्रभावों से अवगत कराया एवं बच्चों को आश्वस्त किया कि दोनों दवाएं सुरक्षित हैं। बच्चों से अपील की कि वे अपने सहपाठियों को भी दोनों दवाओं के सेवन के लिए प्रोत्साहित करें और उन्हें सोमवार को विद्यालय लेकर आएं, ताकि दोनों दवाएं खाकर वे भी हाथीपांव और पेट संबंधी अन्य रोगों से बच सकें। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बच्चों को ज्यादा से ज्यादा लोगों को दवा खिलाने के लिए कहा। यह भी कहा कि सोमवार को विद्यालय में जो लोग चाहें आकर दवा खा सकते हैं। उन्होंने प्रधानाध्यापिका को सोमवार को पुनः दोनों दवाओं के साथ उन्हें खिलाने की व्यवस्था करने के लिए कहा, ताकि जो बच्चे आज छूट गए हैं, वे सोमवार को दवा खा सकें।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि जिले के सभी 1695 प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों में अभियान चलाते हुए बच्चों को मध्याह्न भोजन के बाद दवा का सेवन कराया गया। इस दौरान प्रधानाध्यापिका शुचिता मिश्रा, बबिता वर्मा, नईम अहमद, संध्या मिश्रा, निरूपमा सिंह, मीना देवी आदि मौजूद रहे।