महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को डीएम कार्यालय में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन को लेकर प्रभारी एवं सहायक प्रभारियों के साथ बैठक संपन्न हुई। बैठक में डीएम ने चुनाव की तैयारियां परखी।
डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि निर्वाचन में लगाए गए सभी कार्मिकों का प्रशिक्षण निर्धारित समय में पूर्ण करा लिया जाए, ताकि सभी कार्मिकों को अपने दायित्वों एवं निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट जानकारी रहे। उन्होंने जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि जनपद के सभी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर एएमएफ की जांच कर लें तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान केंद्रों पर आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं।
उन्हाेंने मतदान कार्मिकों के परिवहन तथा मतपेटियों को सुरक्षित गोरखपुर तक पहुंचाने के लिए आवश्यकतानुसार वाहनों के अधिग्रहण की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने बूथों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन करने व यदि कोई कमी हो तो उसे समय से दूर कराने के निर्देश दिए। इससे पूर्व अपर जिलाधिकारी (वि/रा) ने सभी प्रभारियों के कार्य एवं दायित्वों के संबंध में डीएम को अवगत कराया।
जनपद में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक-शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन में कुल 3,572 मतदाता हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक नवीन गोयल, जिला विकास अधिकारी बीएन कन्नौजिया, डिप्टी कलेक्टर जीतेंद्र कुमार, विजय यादव व सिद्धार्थ गुप्ता आदि मौजूद रहे।