उद्यम व उद्यमियों को प्रोत्साहित करें अधिकारी : डीएम
महराजगंज। उद्यम प्रोत्साहन केंद्र से जुड़े जिम्मेदार एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत जिले में उद्यम व उद्यमियों को प्रोत्साहित करने का कार्य करें। ऐसा कर वे जहां उद्यमियों का विकास करेंगे, वहीं योजना की सार्थकता भी सिद्ध होगी।
ये बातें जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक जनपद एक उत्पाद के तहत उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास संबंधी बैठक में कही। उन्होंने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत जिले में चयनित फर्नीचर विधा के कार्यों से जुड़कर बेरोजगार अधिक लाभ कमा सकते हैं। जरूरत है जागरूक रहकर योजना का लाभ लेने की। विभागीय जिम्मेदारों को इसका प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक संख्या में पात्रों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया। योजना के तहत सुविधा प्रोत्साहन केंद्र शुरू किए जाने को भी कहा। उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी ने एक जनपद एक उत्पाद योजना की उपलब्धियों के बारे में भी विस्तृत रूप से जानकारी दी। इस दौरान वन विभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी राकेशचंद यादव, एक जनपद एक उत्पाद के परामर्शदाता नारायण, संपूर्णानंद, रवींद्र वर्मा, आरसी यादव, गौरीशंकर आदि मौजूद थे।