महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत वन स्टाप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने सेंटर में आवासित छह संवासिनियों एवं एक मानसिक मंदित बालिका से वार्ता कर भोजन, पानी, स्वच्छता व अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। संवासिनियों ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं है। समय से भोजन व नाश्ता उपलब्ध कराया जाता है।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पूरे परिसर का निरीक्षण किया। खुले स्थानों के बारे में जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को सेंटर की बाउंड्री वॉल का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने किचन, शौचालय व स्नानागार की स्वच्छता की समीक्षा कर उन्हें यथावत बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कार्मिक उपस्थिति रजिस्टर, पुलिस चौकी रोस्टर और अन्य अभिलेखों का निरीक्षण कर विशिष्ट अतिथियों के भ्रमण के लिए पृथक हस्ताक्षर पंजिका बनाने का निर्देश दिया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी कन्हैया यादव, केंद्र प्रशासक ऋचा मिश्रा, राजकुमारी शुक्ला, मधुबाला सिंह व अन्य उपस्थित रहे।