महराजगंज। यूपी बोर्ड की लिखित परीक्षा शुरू होने में 20 दिन शेष हैं। इस बार परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्ति तक मंडलीय पर्यवेक्षक परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेंगे। निरीक्षण के दौरान किसी तरह की अनियमितता मिलती है तो पर्यवेक्षक परीक्षा की दोनों पालियों की रिपोर्ट बोर्ड को भेजेंगे।
मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक स्तर से चार पर्यवेक्षक जिले में तैनात होंगे जिसके लिए बोर्ड अपर सचिव ने निर्देश जारी किया है। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 72 हजार से अधिक विद्यार्थियों के लिए 111 परीक्षा केंद्र जिले में तय किए गये हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर वायस रिकार्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। त्रिस्तरीय कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अलावा बोर्ड परीक्षा पर नजर रखने के लिए बोर्ड मंडलस्तर के पर्यवेक्षकों को लगाया जाएगा।
यदि किसी केंद्र पर लापरवाही और अनियमितता मिलती है तो केंद्र व्यवस्थापक पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई होगी। पर्यवेक्षकों को दोनों पालियों की परीक्षाओं की रिपोर्ट बोर्ड को भेजनी होगी। इसके साथ ही जिला प्रशासन की तरफ से परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए चुस्त दुरुस्त व्यवस्था रहेगी। डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि मंडलीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर को करनी है। पर्यवेक्षक मानिटरिंग में सहयोग प्रदान करने व बोर्ड को रिपोर्ट देंगे।