कोटेदार से परेशान गांव वालों ने लगाया जाम
- फोटो : अमर उजाला
लेहड़ा बाजार/धानी बाजार(महराजगंज)। विकास खंड धानी के बरगाहपुर ग्रामसभा के ग्रामीणों ने संबद्ध कोटेदार की मनमानी से तंग आकर सोमवार दोपहर में लेहड़ा स्टेशन धानी मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध - प्रदर्शन किया। इसके चलते एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। मौके पर बृजमनगंज पुलिस ने पहुंचकर ग्रामीणों को समझा कर जाम खत्म करवाया।
ग्रामीणों ने बताया कि चौदह माह पहले बरगाहपुर के कोटेदार के निधन के कारण उक्त कोटे को नौसागर ग्राम सभा से जोड़ दिया गया। नौसागर के कोटेदार पर काफी दिनों से घटतौली व राशन न देने का आरोप है। शिकायत पर भी कोई कार्रवाई न होने से बरगाहपुर के ग्रामीणों ने लेहड़ा धानी मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। बाद में पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ। इस संबंध में एसडीएम फरेंदा आरबी सिंह ने बताया कि मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान विनोद भारती,आसगर अली, रज्जाक, मुसई, रंगीलाल ,मिठाई, सन्तराम, रामलखन राजमन, गुंजा देवी, पार्वती, मालती, फूला देवी, मीना देवी, गुड़िया, संगीता, तारा , चनरावती, मंजू , शांति आदि मौजूद रहे।