केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक व रेलवे के अधिकारियों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में पर्यटन व व्यावसायिक दृष्टि से असीम संभावना है। चावल, गेेहूं व अन्य सामान की मालगाड़ी से ढुलाई के लिए रेल की आवश्यकता है। जिले को गोंडा से नरकटियागंज रेललाइन से जोड़ने की पहल होगी। इससे जहां लोगों की मुश्किल कम होगी, वहीं, रेलवे को भी लाभ होगा।
ये बातें केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार की शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक व रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में ट्रैफिक अधिक होने की वजह से रेलगाड़ियों के आवागमन में विलंब होता है।
बताया कि फरेंदा से घुघली के जुड़ जाने से गोंडा जहां नरकटियागंज रेलमार्ग से जुड़ जाएगा। वहीं, गोरखपुर में ट्रैफिक संबंधी समस्या भी कम होगी। डॉ. शिल्पी कन्नौजिया ने कहा कि जिले में औद्योगिक संभावनाओं, बौद्ध स्थानों व नेपाल से जुड़ने के संभावित लाभों को देखते हुए प्रस्ताव तैयार कर नीति आयोग के पास प्रस्तुत किया जाएगा। रेल प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि घुघली-फरेंदा रेललाइन के कार्य को मूर्त रूप दिया जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, उप मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह व जयमंगल कन्नौजिया, के साथ ही व्यापारी भी मौजूद रहे।
व्यापारिक प्रतिनिधियों ने भी बताईं समस्याएं
व्यापारियों ने जिला मुख्यालय के रेल सेवा से जुड़ाव न होने की वजह से आ रही समस्या को बताया। सुरेश रूंगटा आदि ने कहा कि रेलवे की सुविधा के न होने से एक तरफ जहां उद्योग नहीं पनप पा रहे हैं, वहीं, स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पाद को अन्य जगहों पर भेजने में समस्या आ रही है। लकड़ी व्यवसाय को गतिशीलता नहीं मिल पा रही है। कृष्णगोपाल जायसवाल समेत अन्य लोगों ने कहा कि रेल सुविधा की बहाली से कच्चे माल व अन्य सामग्री को जिले में लाने व उत्पाद को बाहर भेजने में काफी सहूलियत होगी।