15 प्रमुख स्थानों पर लगेंगे 68 अत्याधुनिक एनपीआर और पैन-टिल्ट-जूम कैमरे
पीटीजेड कैमरे 360 डिग्री तक घूमकर करेगा निगरानी
महराजगंज। यातायात निदेशालय उत्तर प्रदेश की पहल पर जिले के 15 प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर 68 एएनपीआर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन और पीटीजेड पैन-टिल्ट-जूम कैमरे लगाए जा रहे हैं। इन कैमरों का संचालन पुलिस कंट्रोल रूम से किया जाएगा।
एएनपीआर कैमरे गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट को स्वतः पढ़कर उसका रिकॉर्ड तैयार करेंगे। इसके माध्यम से चोरी, लूट या अन्य आपराधिक घटनाओं में प्रयुक्त संदिग्ध वाहनों की पहचान और ट्रैकिंग आसानी से की जा सकेगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर भी प्रभावी निगरानी रखी जाएगी।
इसके अलावा पीटीजेड कैमरे 360 डिग्री तक घूमकर निगरानी करने में सक्षम होंगे। ये कैमरे दूर तक स्पष्ट दृश्य उपलब्ध कराएंगे और आवश्यकता पड़ने पर किसी भी गतिविधि पर फोकस कर सकेंगे। इनकी मदद से पुलिस को 24 घंटे रियल-टाइम निगरानी की सुविधा मिलेगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई संभव होगी।
इन जगहों पर लगेगा कैमरे
जनपद के जिन प्रमुख स्थानों पर कैमरे लगाए जा रहे हैं, उनमें कुंसेरवा चौराहा, ठूठीबारी थाना तिराहा, गांधी चौक नौतनवा, स्टेट तिराहा कोठीभार, आंबेडकर तिराहा फरेंदा, परतावल चौराहा, सुभाष चौक घुघली, महुअवा ढाला कोतवाली, उद्योग चौराहा, शिकारपुर तिराहा भिटौली, सोनाबाड़ी चौराहा बृजमनगंज, दुर्गा मंदिर चौराहा पनियरा, निचलौल तिराहा, समरधीरा चौराहा पुरन्दरपुर तथा झनझनपुर चौराहा सिंदुरिया शामिल हैं।
अगस्त से शुरू हो जाएगा संचालन
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि जनपद के विभिन्न स्थानों पर कुल 68 कैमरे लगाने का कार्य अंतिम चरण में है। अगस्त के अंत तक पूरी व्यवस्था का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इन अत्याधुनिक कैमरों के माध्यम से अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी, साथ ही सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा। इन कैमरों के लगने से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान भी आसानी से हो सकेगी।