निचलौल। शहर के आजाद नगर वार्ड में शनिवार को किसी बात को लेकर दंपती में विवाद हो गया। इस दौरान धारदार हथियार पर गिरने से पति की मौत हो गई। भतीजे पर धारदार हथियार से मारने का एक महिला ने आरोप लगाया है। पुलिस भतीजे को हिरासत में लेकर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, शहर के आजाद नगर वार्ड निवासी गजेंद्र साहनी (30) की पत्नी मंशा से किसी बात को लेकर शनिवार को विवाद हो रहा था। दोनों के बीच विवाद बढ़ते देख गजेंद्र की भाभी शकुंतला और भतीजा किशन मौके पर पहुंचे और विवाद सुलझाने का प्रयास करने लगे।
इसी बीच गजेंद्र अचानक लड़खड़ाते हुए बगल में रखे सब्जी काटने वाला (पहसुल) धारदार हथियार पर गिर गया, जिससे गजेंद्र के गले के पास धारदार हथियार धंस गई। इससे गजेंद्र की जिला अस्पताल में मौत हो गई।
वहीं घटना की सूचना पाकर गजेंद्र के घर पुलिस पहुंची तो देखा कि गजेंद्र की भाभी शकुंतला जमीन पर लेटकर बिलख रही है। पास में मौजूद एक महिला ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि मेरा बेटा जेल में है। शकुंतला का लड़का किशन ने मारा है। वह पास में आग के पास बैठी थी। उन्हें यह नहीं पता कि किससे मारा है। गजेंद्र और मंशा आपस में लड़ रहे थे। किशन घटना के बाद पता नहीं कहा चला गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कन्नौजिया के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच पूछताछ के लिए गजेंद्र के भतीजे किशन को हिरासत में ले लिया हैै। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल घटना से जुड़े कई बिंदुओं पर फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। जांच और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ्