सभासद पुत्र व नगर पालिका कर्मी में विवाद
दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर दर्ज कराया मुकदमा, जांच शुरू
सिसवा बाजार। नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों एवं सभासद पुत्र के बीच शनिवार को विवाद हो गया। दोनों पक्षों की तहरीर पर कोठीभार पुलिस ने रविवार को मारपीट व एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया। मामले की जांच की जा रही है।
नगर पालिका के कर्मचारी शकील अहमद व धर्मेंद्र ने तहरीर में कहा गया है कि वार्ड नंबर 24 चित्रगुप्त नगर के सभासद पुत्र राजन विश्वकर्मा एक मृतक व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए कार्यालय में लकड़ी लेने के लिए आए। वे अध्यक्ष कक्ष में घुस गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। बीच बचाव के लिए आए कर्मचारी धर्मेंद्र को जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
उधर, सभासद पुत्र राजन विश्वकर्मा ने तहरीर में कहा है कि उनके घर के सामने लाइट खराब थी। दीपावली के पर्व को देखते हुए इसे ठीक कराने के लिए नगर पालिका कार्यालय पहुंचा। वहां अध्यक्ष की कुर्सी पर अध्यक्ष पति बैठे मिले। राजन का आरोप है कि वे उन्हें देखते ही अपशब्द बोलने लगे। इसी बीच कर्मचारी शकील अहमद व अनिल गुप्ता धक्का देते हुए शर्ट फाड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज राय ने कहा कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली थी। जिस पर दोनों ओर से मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।