मिठौरा। क्षेत्र में यूरिया खाद की किल्लत से किसान परेशान हैं। समितियों पर जहां खाद लेने के लिए भीड़ जुट रही है, वहीं अधिकांश प्राइवेट दुकानों पर खाद उपलब्ध नहीं है। समितियों पर पहुंचने वाले किसानों की संख्या की जरूरत के हिसाब से खाद नहीं पहुंच रही है। इससे अधिकतर किसान मायूस लौट रहे हैं। यूरिया और डीएपी खाद के लिए किसान सुबह से शाम तक समितियों का चक्कर लगा रहे हैं।
मिठौरा विकास खंड में दरहटा, मधुबनी, जमुई जगदौर, टीकर, औराटार, भागाटार साधन सहकारी समितियों और पीसीएफ, इफको सेंटरों पर यूरिया के लिए लोग परेशान हैं। भागाटार निवासी शेषमणि, हरिहरपुर निवासी दुलारे प्रजापति मंगलपुर निवासी जवाहिर, परसामीर निवासी रम्भावती, शितलापुर निवासी लीलावती, नागेश्वर, रमेश आदि किसानों ने बताया कि यूरिया खाद नहीं मिलने से दिक्कत आ रही है।
भागाटार के सचिव राजकुमार गुप्ता ने बताया समिति पर वर्तमान समय में 350 बोरी यूरिया 266.50 रुपये बोरी की दर से और डीएपी 1350 की दर से ग्रामीणों को दी जा रही है। शनिवार को एडीओ एजी सतीश प्रजापति के नेतृत्व में किसानों का आधार कार्ड और खतौनी लेकर आने पर फिंगर प्रिंट लगाकर यूरिया खाद का वितरण किया गया। संवाद