महराजगंज। शहर में बॉक्स और ड्रम की कई दुकाने हैं। दुकानों पर अगर कोई नीला ड्रम खरीदने आता है तो दुकानदार रेट बताने से पहले खरीदने का कारण पूछते हैं। पहले तो ग्राहक भी सोचने को विवश हो जाते हैं, लेकिन मुस्कुराते हुए जवाब देकर रेट के बारे में जानकारी लेते हैं।
मेरठ कांड के बाद सतर्कता बरतते हुए दुकानदार यह कदम उठा रहे हैं। मेरठ हत्याकांड के बाद नीला ड्रम और बक्सा चर्चा का विषय बन गया है। हालत यह है कि किसी मोहल्ले में कोई नीला ड्रम खरीदकर घर जाता है तो लोग दूसरे नजरिए से देखते हैं। सोशल मीडिया से लेकर अन्य प्लेटफार्म तक इसे लेकर लोगों ने अपने विचारों को प्रकट करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है।
दुकान पर कोई खरीदारी करने जाता है तो दुकानदार तुरंत बोलते हैं कि भाई कब क्या हो जाएगा कोई ठीक नहीं है। मेरठ की घटना के बाद से तो मन में डर बना रहता है। महराजगंज शहर में नीला ड्रम बेचने वाले दुकानदार हमेशा संशय में रहते हैं। सर्तकता बरतते हुए एक बार तो जरूर पूछते हैं कि भैया ड्रम किस काम में प्रयोग करना है।
दुकानदारों के मुताबिक ऐसे सवाल सुरक्षा को देखकर किए जाते हैं। क्योंकि प्राथमिक स्तर की बातचीत में सच्चाई की जानकारी हो जाएगी। कई बार तो ग्राहक ऐसे सवाल पूछने से गुस्से में बगैर खरीदारी किए चले जाते हैं। शनिवार को शहर में बीर बहादुर नगर में एक दुकान पर कुछ लोग नीला ड्रम खरीदने आए थे। पहले तो वे संकोच वश कुछ बोल नहीं रहे थे।
दुकानदार ने पूछा की कौन सा ड्रम चाहिए तो वे लोग कुछ देर इधर-उधर देखे, फिर दुकानदार से रेट के बारे में पूछे और सफेद ड्रम लेकर चले गए। वहीं सामने से आ रहे जितेंद्र कहने लगे की मेरठ कांड ने तो हर किसी को सोचने पर विवश कर दिया है।
शहर में तो कुछ जगह पर नीले ड्रम की बिक्री भी दुकानदारों ने बंद कर दी। ड्रम बेचने वाले दुकानदार सत्यम ने बताया कि मेरठ हत्याकांड के बाद ड्रम खरीदने आ रहे ग्राहकों से बात-बात में ही पूछताछ कर ली जाती है।
उन्होंने बताया कि पानी भरने के लिए अलग और सामान रखने के लिए अलग ड्रम उपलब्ध है। इसका रेट 800 से 2000 रुपये तक है। कुछ लोग तुरंत बोल देते हैं कि उन्हें पानी भरने के लिए चाहिए। जबकि कुछ लोग सोच में पड़ जाते हैं।
ऑटो चालक भी रहते हैं संशय में
शहर में ऑटो चालक रमजान कहने लगा की भैया मेरठ की घटना के बाद से तो डर लगता है। किसी का कोई ठिकाना नहीं है। बेवजह की मुसीबत में कौन फंसेगा। अगर कोई बात हो जाए तो परेशान होना पड़ेगा। उसने बताया कि एक सप्ताह पहले की बात है, हनुमानगढ़ी के पास पति-पत्नी नीला ड्रम लेकर खड़े थे। उनको पकड़ी जाना था। किराया पूछे तो उनसे पहले ड्रम ले जाने का कारण जानना चाहा तो दोनों नाराज हो गए, लेकिन समझाया तो हंसने लगे। दोनों ने कहा कि अब तो हद हो गई है। इतना ज्यादा किसी पर शक करना ठीक नहीं है। रमजान ने बताया कि बातचीत के दौरान पति-पत्नी ने वर्तमान परिवेश पर चिंता प्रकट करते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी।