निचलौल। मंडी विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर स्टॉक शून्य और मौके पर 8623 बोरी धान का भंडारण मिला। रविवार को सोहट स्थित मेसर्स मंशा ट्रेडर्स पर मंडी विभाग की छापेमारी में स्टॉक के इस बड़े अंतर का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान फर्म के परिसर और दुकानों में 8623 बोरी धान, 100 बोरी गेहूं और चावल का भंडारण मिला, जबकि ऑनलाइन अभिलेखों में कोई स्टॉक दर्ज नहीं था। हैरानी की बात यह रही कि निरीक्षण के समय प्रोपराइटर सुरेंद्र गुप्ता मौके पर मौजूद नहीं थे और धान की खरीद की जा रही थी।
विभाग ने मौके पर मिले खाद्यान्न का 6आर जारी नहीं किए जाने पर प्रोपराइटर से तीन कार्य दिवस में अभिलेखों सहित स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस निलंबित करने के साथ मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मंडी सचिव विनोद कुमार शर्मा और मंडी इंस्पेक्टर श्यामानंद साहनी ने रविवार को दोपहर फर्म का निरीक्षण किया। इस दौरान विशुनपुरा निवासी दिग्विजय के धान की खरीद होती मिली। परिसर के तीन ब्लॉकों और विभिन्न दुकानों में खाद्यान्न का भंडारण पाया गया।
दुकान संख्या एक में 48 बोरी चावल और 50 बोरी अन्य खाद्यान्न, दुकान संख्या तीन में 46, दुकान संख्या चार में 25, दुकान संख्या पांच में करीब 150 और दुकान संख्या छह में 100 बोरी गेहूं मिला। वहीं दुकान संख्या 10 में 250 बोरी धान रखा मिला। परिसर के अन्य हिस्सों में भी धान की बोरियों का भंडारण पाया गया।