जिला अस्पताल में खराब पड़ा डिजिटल एक्स रे मशीन
महराजगंज। जिला अस्पताल में लगी डिजिटल एक्स-रे मशीन बस नाम की रह गई है। एक सप्ताह भी ठीक से नहीं चल पाती है कि खराब हो जाती है। सोमवार को कंप्रेशर ब्लॉस्ट होने से संचालन फिर ठप हो गया। एक्स-रे कराने आए मरीज बैरंग लौट गए। अभी कुछ दिन पहले ही मशीन ठीक कराई गई थी।
अस्पताल में मुफ्त में जांच कराने के लिए डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाई गई है। इससे हर रोज 100 से अधिक मरीजों का एक्स-रे किया जाता है। सोमवार को जिला अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे कक्ष बंद रहा। बाहर कुर्सियों पर मरीज बैठ कर इंतजार कर रहे थे। अरविंद ने बताया कि एक्स-रे कराना है। भीड़ अधिक है बाहर से एक्स-रे कराना पड़ेगा।
मोहनापुर के जीतेंद्र कुमार ने बताया कि डिजिटल एक्स-रे नहीं हो रहा है। बाहर से कराने जा रहा हूं। चेहरी की मेवाती देवी भी समस्या से जूझती मिलीं। इसी तरह से अन्य मरीजों को भी परेशानी हुई। एक्स-रे कराने के लिए लोग खड़े रहे। लोगों ने बताया कि सुबह डॉक्टर से जांच कराने के बाद एक्स-रे कराने आया तो पता चला की मशीन खराब है। अब बाहर जाकर एक्स-रे कराना पड़ेगा। सीएमएस जिला अस्पताल एपी भार्गव ने कहा कि एक्स-रे मशीन को सही कराने के लिए लिखा-पढ़ी की गई है। अगर समय रहते मशीन ठीक नहीं हुई तो कार्रवाई की जाएगी।