ठूठीबारी। लक्ष्मीपुर खुर्द में 17 जून को निचलौल तहसील प्रशासन की मौजूदगी में एक घर में आठ ड्रम में रखा 950 लीटर डीजल बरामद हुआ था। बरामद डीजल की जांच निचलौल सप्लाई इंस्पेक्टर कर रहे थे। जांच में कमियां मिलने पर डीजल पेटी डीलर का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
निचलौल तहसील प्रशासन को मुखबिर से 17 जून की शाम सूचना मिली थी कि ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के नेपाल बाॅर्डर से सटे लक्ष्मीपुर खुर्द के एक घर में भारी मात्रा में ड्रम में डीजल रखा गया है। रात में उसे बॉर्डर पार नेपाल भेज दिया जाएगा। सूचना मिलते ही निचलौल नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल कानूनगो मनीष पटेल लक्ष्मीपुर खुर्द पुलिस चौकी इंचार्ज मनीष कुमार तिवारी मौके पर जांच किया तो घर में ड्रम में रखा डीजल बरामद हुआ।
दुकानदार ने लाइसेंस दिखाया तो पता चला कि लाइसेंस धारक कोई और है। इस संबंध में सप्लाई इंस्पेक्टर इंद्रभान सिंह ने बताया कि डीजल पेटी डीलर का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। पेटी डीलर मालिक लल्लन प्रसाद गुप्ता से 15 दिनों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है।