महराजगंज। धनतेरस पर मंगलवार को जिले में जमकर खरीदारी से धनवर्षा हुई। शहर के बाजार दुल्हन की तरह सजे नजर आए। शुभ मुहूर्त में शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। सोने-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्राॅनिक, कपड़ों के साथ अन्य दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी।
ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ ही खास ऑफर भी दिए जा रहे थे। धनतेरस पर भीड़ से बचने के लिए जिन्होंने एक दिन पहले ही सामानों की बुकिंग कराई थी, उन्होंने मंगलवार को पहुंचकर अपनी डिलिवरी ली। व्यापारियों को मानना है कि इस बार करीब 60 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।
मंगलवार सुबह से ही बाजार में ग्राहकों का सैलाब उमड़ा रहा। बर्तनों, इलेक्ट्रॉनिक आइटम, वाहनों की एजेंसियों पर ग्राहकों की भारी भीड़ लगी रही। उपभोक्ताओं ने बाजार में जमकर खरीदारी की। बर्तनों से लेकर सजावट का सामान, झालर आदि की भी खूब बिक्री हुई। ग्राहकों के टोटे से गुजर रहा सराफा बाजार भी ग्राहकों से गुलजार रहा।
सोने-चांदी के आभूषणों के अलावा चांदी के सिक्कों की भी बंपर सेल हुई। ग्राहक खरीदारी करने के लिए अपने परिवारों सहित बाजार में आए। एलईडी, मोबाइल और वॉशिंग मशीन की भी लोगों ने खूब खरीदारी की।
बाइक शोरूम मालिक राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि धनतेरस का दिन व्यापारियों के लिए शुभ रहा। जिले में करीब 10 करोड़ का कारोबार हुआ होगा। स्वर्ण व्यवसायी अनिरुद्ध वर्मा ने बताया कि सराफा बाजार में सोने-चांदी के सिक्कों को खरीदने के लिए भीड़ लगी रही। अनुमान के अनुसार जिले में 15 करोड़ से ऊपर का कारोबार हुआ।
कारोबारी रमेश कुमार ने बताया कि कपड़े का कारोबार आठ से ऊपर होने की उम्मीद है। व्यवसायी लोकेश पांडेय ने बताया कि इस बार कारोबार काफी अच्छा हुआ है। चौक बाजार, परतावल, फरेंदा, नौतनवा, सिसवा बाजार, सिंदुरियां, मिठौरा प्रतिनिधि के अनुसार धनतेरस पर सिंदुरिया, मिठौरा क्षेत्र में जमकर खरीदारी हुई। आभूषण और बर्तन की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। बर्तन, सोना चांदी, मोबाइल, इलेक्ट्रानिक उपकरण, रेडिमेड, साइकिल, बाइक, कार आदि की खरीदारी लोगों ने जमकर की।ज