बसपा के सिसवा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन, सपा जिलाध्यक्ष ने की प्रेसवार्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में धान खरीद में धांधली का आरोप लगाते हुए बसपा और सपा ने मंगलवार को मोर्चा खोल दिया है। बसपा के सिसवा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष ने डीएम को ज्ञापन देकर मामले की जांच की मांग की। वहीं समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन ने पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर धान खरीद में गड़बड़ी और कोल्हुई में हुई चोरी की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
बसपा के सिसवा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सोनू गौतम ने शहनाज अली, सुनील कुमार, बेचू भाई पटेल के साथ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निचलौल क्षेत्र में धान खरीद में गड़बड़ी की जांच की मांग की। सोनू गौतम ने बताया गलत ढंग से जमीनों का सत्यापन कर धान तौल कराने के बाद रकम को हजम कर लिया गया है। प्रकरण की जांच की बजाय अधिकारी खामोश हैं। ऐसे में शिकारपुर में भी धान खरीद में धांधली की बात सामने आई। इस प्रकरण लिप्त अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उधर, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन ने कहा कि देश का किसान एमएसपी की मांग कर रहा है। वहीं जिले के शिकारपुर में धान खरीद में धांधली होती रही। पूरे मामला सामने आने के बाद जांच शुरू हुई। इससे भी लंबा वक्त लग रहा है। धांधली करने वाले आराम से घूम हैं, लेकिन उन्हें पकड़ने की जहमत पुलिस नहीं उठा रही है। कोल्हुई में चोरी का खुलासा अब तक नहीं हुआ। बृजमनगंज में प्रदर्शन कर रहे सपा नेता विनोद को सत्ता के इशारे पर जेल भेज दिया गया। कोल्हुई थानेदार का तबादला होने के बाद उन्हें रिलीव नहीं किया जा रहा है।