फरेंदा। चैत्र रामनवमी के दूसरे दिन सोमवार को भी देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। लोगों ने पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। देवी मंदिरों में मां दुर्गा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
फरेंदा क्षेत्र की प्रसिद्ध शक्ति पीठ लेहड़ा दुर्गा पर सुबह तीन बजे से ही भक्तों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। चार बजे मां का कपाट खुलते ही भक्त मां के दर्शन करना शुरू कर दिए। सोमवार को मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। भक्तों ने मां को नारियल, चुनरी व कपूर अगरबत्ती चढ़ा कर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना किए।
मंदिर के बाहर कीर्तन कराने का सिलसिला भी चलता रहा जो लेहड़ा दुर्गा मंदिर पर प्रसिद्ध है। जहां भक्तों की मनोकामना पूरा होने पर कीर्तन कराते हैं। क्षेत्र के फरेंदा दुर्गा मंदिर, कुड़िया माता मंदिर, बोकड़ा देवी मंदिर व शहर की दुर्गा मंदिर पर भक्तों की भीड़ लगी रही।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रही। जगह-जगह पुलिस तैनात रही। महिला व बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर महिला कांस्टेबल लगाई गई हैं। मंदिर के पुजारी संतोष पांडेय ने बताया कि नवरात्र के दिनों में भक्तों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहते हैं।