गांवों के विकास से ही देश का विकास संभव : विधायक
संवाद न्यूज एजेंसी
कोल्हुई (महराजगंज)। क्षेत्र के बभनी बुजुर्ग में ग्राम सचिवालय व सामुदायिक शौचालय एवं सीसी सड़क का शिलान्यास रविवार को विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी।
विधायक ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार जनता के लिए कई लाभकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिससे लोगों को सीधा लाभ हुआ है, जिसका नतीजा है कि देश का विकास तेज गति से हो रहा है और देश की तस्वीर बदल रही है। ग्राम सचिवालय के निर्माण से लोगों को रोजगार मिलेगा। पंचायत भवन में जन्म प्रमाण पत्र से लेकर विधवा, वृद्धा पेंशन, परिवार रजिस्टर की नकल गांव में ही मिल जाएगी। किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विवेका पांडेय ने कहा कि सरकार ने लोगों को आवासीय सुविधा, बिजली का नि:शुल्क कनेक्शन सहित अनेक प्रकार की योजनाएं चलाकर सभी को लाभान्वित किया। नई कृषि नीति से किसानों को हित होगा। ग्राम प्रधान प्रदीप पांडेय ने कहा ग्राम पंचायतों के विकास में सरकार का विशेष योगदान है। ग्राम सचिवालय व शौचालय बनने से गांव के लोगों को लाभ मिलेगा। इस दौरान मधुर सिंह, अरुण राय, श्रीराम जायसवाल, बिल्लू सिंह, अजय चौबे, सुनील राय, राम अवध प्रजापति, अशोक वर्मा, गणेश निषाद, प्रदीप सिंह आदि मौजूद रहे।