महराजगंज। जिला विकास व निगरानी समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित निर्माण व विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। समिति की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने निर्देशित किया कि जिन योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया जा चुका है, उनके शिलापट्टों की स्थापना संबंधित विभाग स्थानीय जनप्रतिनिधि के माध्यम से मौके पर करवाना सुनिश्चित करें। बैठक में तीन जून को हुई दिशा की बैठक की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए अनुपालन की स्थिति की जानकारी समिति द्वारा ली गई।
इसके अलावा मनरेगा, दीन दयाल अंत्योदय योजना, एनआरएलएम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण व शहरी सहित विभिन्न योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की गई।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि अधिकारी सुनिश्चित करें कि पेंशन, उज्ज्वला कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड आदि से लाभार्थियों को संकल्प यात्रा के दौरान शत–प्रतिशत शामिल किया जाए। जनपद में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के संदर्भ में एक समय सीमा का निर्धारण कर आवश्यक कार्रवाई करें।
वहीं फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभार्थियों की सूचना जनप्रतिनिधियों को न होने का मुद्दा उठाया। जिस पर केंद्रीय मंत्री ने जनप्रतिनिधियों को योजना के लाभार्थियों की सूची और बीमा कंपनी के कर्मियों के कार्यालय की सूचना एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
-
जन प्रतिनिधियों का फोन नहीं उठाते अधिकारी
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि संबंधित विभाग महिला, युवा, किसान से संबंधित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें। इन वर्गों के उत्थान से ही विकसित भारत का संकल्प पूरा हो सकेगा। साथ ही सभी विभाग योजनाओं को पारदर्शी व समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कुछ अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों का फोन नहीं उठाए जाने की शिकायत को गंभीर मानते हुए निर्देशित किया। सभी अधिकारी अनिवार्य रूप से जनप्रतिनिधियों का फोन उठाएं और उनके द्वारा बताई गई समस्या का निस्तारण कर अवगत कराएं। ऐसा नहीं होने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सुझावों को गंभीरता से लेते हुए अनुपालन करेंगे
जिलाधिकारी अनुनय झा ने समिति के निर्णयों के शत-प्रतिशत अनुपालन का आश्वासन दिया और कहा कि सभी अधिकारी जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए अनुपालन करेंगे। बैठक के अंत में विधायक पनियरा द्वारा 05 सीएचओ को लैपटॉप का वितरण किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया, विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक फरेंदा वीरेंद्र चौधरी, विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय आदि मौजूद रहे।