महराजगंज। कलक्ट्रेट परिसर में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष फूलचंद अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान व्यापारियों ने कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की बढ़ी कीमतों को वापस लेने और गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की।
फूलचंद अग्रवाल ने कहा कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ी हुई कीमतों के कारण कुटीर उद्योग, होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैटरिंग, डेरी तथा ठेले पर खाद्य सामग्री बेचने वाले छोटे कारोबारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। 1 मई 2026 से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर का मूल्य 2080 रुपये से बढ़ाकर 3171 रुपये प्रति सिलेंडर कर दिया गया, जिससे व्यापारियों में नाराजगी है। ज्ञापन सौंपने के दौरान श्रीराम जायसवाल, दुर्गेश गुप्ता, अनिल गुप्ता, मनोज, मनोज अग्रहरि, दीपक अग्रवाल मौजूद रहे।