वार्ड का नाम शहीद हेमराज रखने की मांग, सौंपा ज्ञापन
महराजगंज। नव सृजित नगर पंचायत परतावल के लोगों ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों ने कहा कि वार्ड नंबर दस का नाम शहीद हेमराज रखा जाए। इस नाम को बदलने से लोगों में आक्रोश है। लोगों ने कहा कि वार्ड का नाम हेमराज नहीं रखा गया तो आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने परतावल को नगर पंचायत बनाया है। उसकी सीमा को 14 वार्डों में बांटा है। इसमें छातीराम को भी सम्मिलित किया गया है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे हेमराज के नाम से वार्ड संख्या-10 का नाम रखा गया। इस बात से शहीद हेमराज के परिजन और वार्ड के लोग खुश थे।
हेमराज के पौत्र अरविंद कुमार ने बताया कि मेरे बाबा हेमराज स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। पराधीनता के समय ब्रिटिश हुकूमत ने उन्हें काला पानी की सजा सुनाई थी। एक वर्ष तक उनको जेल में भी रखा। आजादी के बाद उन्हें सरकार ने सम्मानित किया। सरकार ने दादी जेहरा देवी को आजीवन पेंशन भी दी। परतावल को जब नगर पंचायत बनाया गया और वार्ड नंबर 10 का नाम शहीद हेमराज रखा गया तो हमारे परिजनों को बहुत खुशी हुई। लेकिन कुछ लोगों ने द्वेषवश वार्ड नंबर-10 का शहीद हेमराज नगर नाम बदल दिया।
इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह, राजनारायण, सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन, कमलेश सिंह, जितेंद्र यादव, राजेंद्र, रवींद्र कुमार, किशन कुमार, धर्मेंद्र, अनुज, श्यामसुंदर, अच्छेलाल, काशी, रामहरख, मनीष आदि मौजूद रहे।