महराजगंज। सदर तहसील के जगपुर उर्फ सलामतगढ़ वन ग्राम चेतरा के ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर एक माह से खराब ट्रांसफॉर्मर अविलंब बदलवाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना था कि ट्रांसफार्मर एक माह से खराब पड़ा हुआ है। विद्युत निगम के अधिकारियों से इसकी कई बार शिकायत की गई। इसके बावजूद अधिकारी समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। गांव के रामसमुझ ने कहा कि शासन के निर्देश पर वन ग्राम चेतरा में विद्युतीकरण किया गया है। विद्युतीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गांव में एक सौ से अधिक कनेक्शनधारी हैं। इन सभी उपभोक्ताओं को करीब एक माह से बिजली नहीं मिल रही है। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की। इस दौरान शिवनाथ, सूरज, रमेश, आविद अली, छांगुर, जंगली, श्रीराम, अवतार, संतोष, राम निरंजन, वीरबल सहित कई अन्य लोग मौजूूद रहे।