छुट्टा पशुओं को गोसदन भेजवाने की मांग की
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। सदर ब्लॉक के ग्राम पंचायत जंगल दुधई उर्फ चेहरी के ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर छुट्टा पशुओं को मधवलिया गोसदन भेजवाने की मांग की।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा है कि जंगल दुधई गांव जंगल से सटा है। गांव के दक्षिण तरफ करीब 700 एकड़ का चेहरी फार्म है जो परती पड़ी है। गांव के आसपास के लोग उक्त फार्म में अपने मवेशियों को छोड़ जाते हैं। वही मवेशी जंगल दुधई के लोगों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। फसल को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए उन्हें रतजगा करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से उनकी फसलों को बचाने के लिए छुट्टा पशुओं को पकड़वाकर मधवलिया गोसदन भेजवाने की मांग की। ग्रामीण राजेंद्र चौधरी का कहना था कि फसलों की रखवाली के लिए रात में जगना पड़ रहा है। दिन में भी पशु झुंड में खेतों में घुसकर गेहूं की फसल बर्बाद कर दे रहे हैं। उन्होंने छुट्टा पशुओं से फसलों के बचाने के लिए इंतजाम की मांग की।