क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत की मांग
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। बागापार क्षेत्र के ग्रामीणों ने सोमवार को डीएम को ज्ञापन सौंप कर बागापार से महराजगंज जाने वाली सड़क की मरम्मत की मांग की। गांव वालों का कहना था कि बागापार से जिला मुख्यालय जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इससे लोगों को आवागमन में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
जिला पंचायत सदस्य सुरेश चंद्र साहनी ने कहा कि गांव से होते हुए जिला मुख्यालय जाने वाला मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त चुका है। लोग हिचकोले खाते हुए जिला मुख्यालय पहुंचते हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों का ध्यान इस तरफ नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि बागापार जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है। यह रोड बागापार से होते हुए फुरसतपुर, अराजी सुबाइन, खालिकगढ़, अमहवा चौराहा से समरधीरा चौराहा और चानकीपुल के कई प्रमुख मार्गों को जोड़ता है। प्रदेश सरकार सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का दावा कर रही है जबकि बागापार से जिला मुख्यालय तक की सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं और इस तरह किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। गांव वालों ने डीएम से क्षतिग्रस्त सड़क की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की। इस मौके पर रामराज चौरसिया, जितेंद्र कुमार आर्य, बालिकरन चौधरी, केशव चौरसिया, अनिल वर्मा, कमलेश वर्मा, शिवम यादव, ओम प्रकाश आदि मौजूद रहे।