लेहड़ा बाजार (महराजगंज)। बृजमनगंज क्षेत्र के मिश्रौलिया चौराहे पर भगवती विद्या बाल मंदिर स्कूल के करीब देशी शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में बृहस्पतिवार को क्षेत्र के लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार आनन्द कुमार नायक एवं प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार वर्मा ने लोगों को समझा कर धरना समाप्त कराया।
भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रभारी प्रेमशंकर पांडेय ने कहा कि स्कूल के करीब शराब की दुुकान होना उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 24 जुलाई तक देशी शराब की दुकान नहीं हटाई गई तो 25 जुलाई को बृजमनगंज - उसका रोड जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा। चिन्तामणि ने कहा कि देश शराब की दुकान हटाने के लिए 15 जून को जिलाधिकारी को पत्रक दिया गया था। आरोप है कि शिकायत के मद्देनजर जिला आबकारी विभाग की टीम 18 जून को जांच करके रिपोर्ट लगाई कि उक्त दुकान कई वर्षों से उसी स्थान पर संचालित हो रही है, जबकि यह दुकान दूसरी जगह संचालित हो रही थी। इस वर्ष से इसका संचालन यहां किया जा रहा है। उन्होंने स्कूल के पास से शराब की दुकान अविलंब हटवाने की मांग की। इस दौरान पंचराम यादव, जगदीश, कमलावती, सोनमती, दुर्गावती, इसरावती, प्रशांत, सन्तराम, जय प्रकाश, रूपवती, हेमन्ती, इन्द्रकेश, सुकई, किशोर आदि मौजूद रहे।