महराजगंज। आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन ने बीएलओ के पद पर किए गए कार्य के लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन की जिला महामंत्री संजू देवी के नेतृत्व में कलक्ट्रेट परिसर पहुंची प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को पत्र सौंपकर तत्काल भुगतान की मांग की।
संजू देवी ने बताया कि जनपद में अधिकांश आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बीएलओ के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में जारी एसआईआर को वे निष्ठापूर्वक पूरा कर रही हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मूल रूप से अल्प मानदेय पर कार्य करती हैं लेकिन अतिरिक्त बीएलओ ड्यूटी के बदले मिलने वाला मानदेय अभी तक नहीं मिला है जबकि अन्य जनपदों में यह भुगतान हो चुका है। एसोसिएशन ने निवेदन किया कि बीएलओ मानदेय का शीघ्र भुगतान कराया जाए। इस दौरान संगीता देवी, नूरी पाण्डेय, कंचन सिंह, अफसाना अंसारी, सुनील कुमार, सुनील शर्मा, गौरीशंकर, सुनीता कन्नौजिया, दिव्या रानी, चन्द्रकला मौजूद रहीं।