डीएम को ज्ञापन दे मांगा मानदेय
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जिले में 2011 से कार्यरत प्रेरकों ने 40 माह के बकाया मानदेय के लिए भुगतान के लिए शुक्रवार को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। प्रेरकों ने उनके अनुबंध के नवीनीकरण की मांग भी की। उनका कहना था कि लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। प्रेरकों ने मांगें पूरी न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी।
संगठन के जिलाध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी ने कहा कि साक्षर भारत मिशन के तहत वर्ष 2011 से प्रेरक कार्य कर रहे हैं। प्रेरकों का नवीनीकरण 31 मार्च 2018 के बाद नहीं किया गया। इतना ही नहींं, प्रेरकों का 40 माह से मानदेय भी नहीं दिया गया है जबकि प्रेरकों ने शासन की मंशा के अनुरूप साक्षर भारत मिशन के तहत पूरी मेहनत से काम किया। इससे साक्षरता की दर भी बहुत तेजी से बढ़ी है। इसके साथ ही साथ बीएलओ, बाल गणना, जाति गणना तथा आर्थिक गणना का कार्य भी प्रेरक करते रहे हैं। इतने सारे कार्य जिम्मेदारी पूर्वक करने के बावजूद उन्हें 40 माह के मानदेय का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। मानदेय नहीं मिलने के कारण परिवार के सदस्यों के भरण पोषण में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रेरकों के संविदा का नवीनीकरण कराने, बकाए मानदेय का भुगतान कराने तथा मानदेय में वृद्धि की मांग की। इस मौके पर गोरखपुर के जिलाध्यक्ष मृत्युंजय पांडेय, अजय कुमार पटेल, इरशाद आलम, उमेश पटेल, राम बहाल अग्रहरी, संदेश पटेल, हेमंत कुमार पांडेय, सुरेंद्र प्रजापति, धीरज, बब्लू प्रजापति, अविनाश पटेल, वरुण कुमार, अरविंद, शंभू गुप्ता, वेद प्रकाश आदि मौजूद रहे।