25 तक परीक्षा परिणाम घोषित करने की मांग
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। बुधवार को बीटीसी संयुक्त मोर्चा के जिला कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर 2014 बैच के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम 25 नवंबर तक घोषित करने की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष अनूप कुमार पांडेय ने कहा कि बीटीसी के 2014 बैच के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 25 से 27 सितंबर तक हुई थी। परीक्षा हुए काफी दिन बीत गए लेकिन अभी तक परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया गया है। बेसिक विद्यालयों में शिक्षकों के 68500 पदों पर दिसंबर माह में भर्ती प्रस्तावित है। यदि बीटीसी का परीक्षा परिणाम समय से नहीं आया तो 44700 प्रशिक्षु इस भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग नहीं कर पाएंगे।
उन्होंने बताया कि बीटीसी संयुक्त मोर्चा संघ 2014 बैच के प्रतिनिधिमंडल ने बीटीसी परीक्षा नियंत्रक सचिव से मुलाकात की तो उन्होंने बीटीसी बैच 2014 के चतुर्थ सेमेस्टर का परिणाम जल्द घोषित कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक परिणाम घोषित नहीं हुआ। जिससे 2014 बैच के प्रशिक्षु परेशान हैं। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में बीटीसी के 2014 बैच के चतुर्थ सेमेस्टर का परिणाम 25 नवंबर तक घोषित कराने की मांग की गई है। इस मौके पर आदित्य कुमार, मधुसूदन, पप्पू रौनियार, नीरज मौर्या, अंगद, सुग्रीव, अमरजीत, सुधा राय, पंकज चौरसिया आदि मौजूद थे।