सिसवा बाजार। 102 यूपी बटालियन एनसीसी, गोरखपुर के तत्वावधान में गुरली में आयोजित सीएटीसी-175 (संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर) का समापन सैन्य परंपरा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ हुआ। दस दिवसीय शिविर में कैडेटों ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता, आपसी सहयोग और देशभक्ति की भावना से जुड़े विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान डेल्टा कंपनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम में 102 यूपी बटालियन एनसीसी, गोरखपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जयशंकर चौधरी ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह कैडेटों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करता है।
प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल मिथुन मिश्रा ने कहा कि आज के कैडेट ही कल देश के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माण के प्रमुख सहभागी बनेंगे। शिविर के दौरान सीखे गए अनुशासन और नेतृत्व के गुणों को दैनिक जीवन में अपनाकर कैडेट समाज और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।