महराजगंज। सोनौली बॉर्डर पर ट्रकों से वसूली की शिकायत पर एसपी ने सोनौली थाना प्रभारी समेत छह दरोगा और छह सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। सीओ नौतनवा को हटाकर सीओ सदर बनाया गया है।
नेपाल में मधेसी आंदोलन के चलते सोनौली बॉर्डर पर वाहनों की लंबी लाइन लगी है। बीच में शिकायत मिली थी कि पुलिस वाले ट्रक चालकों से वसूली करके उन्हें लाइन से हटाकर नेपाल भेज रहे हैं।
एसपी ने बुधवार को सोनौली थाना प्रभारी ओंकारनाथ, चौकी प्रभारी भरत यादव, दरोगा अजय कुमार सिंह के अलावा सोनौली थाने पर तैनात एचसीपी रामनुज यादव, रामप्रीत भारद्वाज, हेमनारायण, रामप्रवेश यादव, उमेश यादव तथा पनियरा थाने पर तैनात दरोगा रामप्रसाद यादव को हटा दियागया है।
सोनौली थाने का प्रभारी पनियरा में तैनात दरोगा रामकृपाल सिंह को बनाया गया है। नौतनवा सीओ रहे पंकज कुमार सिंह को वहां से हटाकर सीओ सदर बनाया गया है। सीओ सदर रहे गोपीचंद को सीओ नौतनवा बनाया गया है। एसपी के इस कार्रवाई से अन्य पुलिस वालों में हड़कंप है।
एसपी भारत सिंह यादव का कहना है कि ट्रकों व अन्य मामलों में वसूली की शिकायत मिली थी। इसलिए सभी को लाइन हाजिर किया गया है। मामले की जांच एएसपी को दी है। इन दरोगाओं पर कितनी विवेचना लंबित है। इसकी भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।